पूजा-पाठ से राजनीतिक करियर साधेंगे तेज प्रताप!

by TrendingNews Desk

सूबे के स्वास्थ्य मंत्री और लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप इन दिनों भगवान की भक्ति में लीन हैं| फिलहाल वो वृंदावन में हैं और निर्जला रहकर विशेष पूजा को पूरा करने में लीन हैं| मंदिर में पंडित उन्हें विशेष पूजा करवा रहे हैं| इससे पहले उन्होंने अपने घर पर ही ‘दुश्मन नाशक जाप’ कराया था और कहा जा रहा है कि एक पंडित की  सलाह पर ही वो खास पूजा के लिए वृंदावन गए हैं| वहां पहुंचकर तेज प्रताप बांके बिहारी की पूजा-अर्चना में तो लीन हैं ही, वहीं उन्होंने गौ माता के साथ भी वक्त बिताया है| उन्होंने जो तस्वीरे ट्विटर पर अपलोड की हैं उनमें कभी वो गाय का दूध निकालते दिखााई दे रहे हैं,तो कभी गाय के साथ मैदान में खड़े दिखाई दे रहे हैं|
वृंदावन पहुंचे तेज प्रताप से जब मीडिया ने ये सवाल पूछा कि क्या वो राजनीतिक करियर की प्रगति की कामना के लिए पंडितों की सलाह पर तीन दिन का निर्जला व्रत करने के लिए वृंदावन आए हैं, तो उन्होंने कहा,कि भगवान के घर आने वाले सब बराबर होते हैं,यहां सभी भक्त होते हैं,बड़े छोटे का कोई भेद नहीं होता|
तेज प्रताप के साथ उनके दस साथी भी वृंदावन आए हैं| ये सभी तेज प्रताप के दोस्त हैं या उनके बनाए गए संगठन धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ के सदस्य हैं| ये सभी लोग दो एसी बसों से पटना से वृंदावन आए हैं और आज ही उनके पटना लौटने का कार्यक्रम है|