गया : गोलीबारी में एक की मौत, एक घायल

by TrendingNews Desk

गया: जिले के टनकुप्पा प्रखंड के मानिकपुर और महाबीघा गांव मे अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस गोलीबारी में एक महिला भी घायल हो गई है। मृतक का नाम कालू यादव एवं घायल महिला का नाम अकेली देवी है। जानकारी के मुताबिक कालू यादव अपने खेत में पटवन करने के लिए गए थे, उसी दौरान वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इस दौरान गोली लगने से एक महिला भी घायल हो गई।

हत्या की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सुबह 4 बजे से गया-फतेहपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था और शव को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही वजीरगंज डीएसपी, बीडीओ सहित कई थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत करवाया और जाम को हटाया। प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को मुआवजे की बात भी कही गई है।

इस मामले में मृतक के भाई के फर्द बयान पर तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।