बिहारियों का मजाक उड़ाना नहीं आया पसंद, डूडल बनाकर दिखाई बिहारी प्रतिभा

by TrendingNews Desk
तान्या तनीशा

तान्या तनीशा जब वेल्लोर से बीटेक की पढ़ाई कर रही थीं तो उस वक्त लोग वहां अक्सर बिहारियों पर जोक (चुटकुले, मजाक) बनाया करते थे। यह बात बिहार की बेटी तान्या को अंदर ही अंदर चुभती थी लेकिन उसने इस चुभन को सहने के बजाए अपनी प्रतिभा के दम पर जोक बनाने वाले लोगों को जवाब दिया। जवाब भी ऐसा कि बिहार की यह बेटी बन गई ‘डूडल गर्ल’ और छा गई सोशल साइट की दुनिया में। माइक्रोपन से बारीक स्केचिंग करने वाली तान्या ने डूडल ऑफ बिहार बनाकर बिहार का मान बढ़ाया। हम कह रहे हैं ना, बीइंग बिहारी, एक बिहारी सब पर भारी, टोटल बिहार जैसे शानदार बिहारी जुमलो को तान्या ने रातोंरात फेमस कर दिया। सिर्फ इतना ही नहीं अपने डूडल में तान्या तनीशा ने राज्य के पर्यटन स्थलों और दूसरी कई अहम विरासतों को उकेरा है।

यह भी पढ़ें-मधुमिता ने बढ़ाया मान, गूगल ने किया जॉब ऑफर

दरअसल इससे पहले गूगल पर हर शहर के खूबसूरत डूडल नजर आते थे, लेकिन बिहार का डूडल कहीं नहीं था। तान्या तनीशा की मेहनत ने बिहार को गूगल सर्च की दुनिया में भी नई पहचान दिला दी है। तान्या के डूडल सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी करते हैं। राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके की रहने वाली तान्या ने अपने डूडल के जरिए शराबबंदी, बाल विवाह मुक्त, दहेज बंदी समेत कई सामाजिक कुरितियों को भी उकेरा है। महाबोधि मंदिर, पावापुरी मंदिर और राजगीर का डूडल बनाने वाली बिहार की इस डूडल गर्ल की प्रशंसा राज्य के सीएम नीतीश कुमार भी कर चुके हैं। तान्या ने बौध धर्म, सिख धर्म और जैन धर्म को भी डूडल के जरिए सर्किट बनाकर जोड़ा है, जो वाकई बेहद खूबसूरत हैं।

यह भी पढ़ें-पता चल गया, इस आईपीएल टीम के हैं सबसे ज्यादा प्रशंसक

तान्या की इस बेमिसाल मेहनत की प्रशंसा सभी कर रहे हैं। एक खास बात यह भी है कि ‘डूडल गर्ल’ तान्या के डूडल में आपको पटनिया और बिहारी दिखेंगे। वे अपने डूडल में माइक्रोपेन से कैप्शन भी लिखती हैं। 0.01 माइक्रोमीटर के माइक्रोपेन से बनी बारीक स्केचिंग इतनी स्पष्ट होती है कि दूर से ही आप इसे पढ़ लेंगे। तान्या ने अपने डूडल के जरिए अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा देने का काम किया है।