आंध्र प्रदेश में पेथाई चक्रवात का कहर, एक की मौत

by Mahima Bhatnagar
cyclone

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में पेथाई चक्रवात ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इस चक्रवात के कारण कई जगह पर बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। आलम ऐसा है कि, लोगों को अपनी जान बचाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, तूफान के कारण ट्रेन और विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। एक आंकड़े के मुताबिक यहां पेथाई चक्रवात के कारण करीब 20,000 लोगों को राहत शिविरों में जाना पड़ा।

इसे भी पढ़ें: मुंबई के कामगार अस्पताल में लगी भीषण आग, 6 महीने के बच्चे समेत 8 की मौत, कई घायल

चक्रवात से राज्य में सबसे ज्यादा पूर्वी गोदावरी जिला प्रभावित हुआ। दोपहर को इसने कात्रेनिकोना में दस्तक दी। प्रति घंटे 85-90 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही तूफानी हवाओं के कारण पूर्वी गोदावरी जिले के कात्रेनिकोना, तल्लारेवू और मलकिपुरम में बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए जिससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सूत्रों के मुताबिक विजयवाड़ा शहर में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से 28 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें: तीन राज्यों में बीजेपी की हार पर प्रशांत किशोर ने कही ये बात

कृष्णा जिले के कलेक्टर बी. लक्ष्मी कांतम ने मृतक के परिवार को 50,000 रुपये की त्वरित राहत देने की घोषणा की। बचाव और राहत अभियान की निगरानी के लिए उपमुख्यमंत्री एन. सी. राजप्पा पूर्वी गोदावरी जिले के भैरवापालम गांव में कैंप कर रहे हैं। राज्य सचिवालय में ‘रियल टाइम गवर्नेंस सेंटर’ ने घोषणा की कि ‘पेथाई’ कमजोर होने के बाद चक्रवात में तब्दील हो गया। दक्षिण मध्य रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया और कुछ का समय बदल दिया।

इसे भी पढ़ें: अशोक गहलोत ने तीसरी बार संभाली राजस्थान की कमान, सचिन बने डीप्टी सीएम