दिल्ली विधानसभा चुनाव: 8 फरवरी को डाले जाएंगे वोट, 11 को नतीजों का होगा ऐलान

by Mahima Bhatnagar
election

देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखो का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीख का ऐलान किया गया। आपको बता दें कि, 8 फरवरी को 70 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 11 फरवरी को चुनाव नतीजों का ऐलान होगा। राजधानी में सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी का मुकाबला एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से है।

इसे भी पढ़ें: 100 से ज्यादा बच्चों की मौत, दो अस्पताल, दो सरकारें- पढ़ें कब क्या हुआ

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले मुख्य चुनाव आयुक्त?

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दिल्ली में कुल 70 विधानसभाएं हैं, अभी की विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी, 2020 को खत्म हो रहा है। चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयोग, पुलिस के साथ बैठक की गई थी। वोटरों को पोलिंग बूथ पर आने के लिए पिक अप-ड्रॉप मिलेगा। इसकी जानकारी वेबसाइट पर डाल दी जाएगी और एक नंबर भी जारी किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली: फैक्ट्री में पहले आग, उसके बाद ब्लास्ट, रेस्कयू जारी

2015 में क्या रहे थे चुनाव नतीजे?

दिल्ली में पिछली बार के चुनाव नतीजे आखिर किसे याद नहीं होंगे। अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता पर सवार होकर आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और विरोधियों का सूपड़ा साफ कर दिया था। आम आदमी पार्टी ने 2015 विधानसभा चुनाव में 70 में से 67, बीजेपी को सिर्फ तीन सीटें मिली थीं। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।