…और इस सवाल के जवाब ने मानुषी को बना दिया विश्वसुंदरी

by TrendingNews Desk

भारत का डंका दुनिया भर में बजाने वाली मानुषी छिल्लर को आज कौन नहीं जानता…?। जी हां, मानुषी के सर पर सजा है विश्वसुंदरी का खिताब।  मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब अपने नाम करने वाली मानुषी छिल्लर ने इस प्रतियोगीता में दुनिया की 118 सुंदरियों को पछाड़ा है। मेडिकल की छात्रा मानुषी छिल्लर ने इस प्रतियोगीता की तैयारी के लिए अपनी पढ़ाई से एक साल का ब्रेक भी लिया था। कड़ी मेहनत और हौसले से मानुषी ने यह खिताब  अपने नाम किया है। मानुषी को यह खिताब दिलाने में जजों के पूछे गए एक सवाल के जवाब ने अहम रोल निभाया है। क्या है वो सवाल जिसने मानुषी को बना दिया मिस वर्ल्ड हम आपको बताते हैं।

दरअसल फाइनल राउंड में शो के जजों ने मानुषी से पूछा कि आपके हिसाब से सबसे ज्यादा वेतन पाने वाली नौकरी कौन सी है…? यकीनन इस सवाल पर मानुषी के जवाब ने जजों को अचंभित कर दिया, जिसकी वजह से मानुषी को यह खिताब मिला। इस सवाल के जवाब में मानुषी ने कहा कि ‘चूंकि मैं अपनी मां के अत्यधिक करीब हूं। इसलिए सोचती हूं कि मां सबसे अधिक सम्मान की हकदार हैं। जहां तक सैलरी की बात है तो इसका मतलब धन से नहीं, बल्कि मान और सम्मान से है। सभी मांएं अपने बच्चों के लिए बहुत कुछ कुर्बान करती हैं। इसलिए मेरा मानना है कि मां ही वह पेशा है, जिसे सर्वोच्च सम्मान और वेतन मिलना चाहिए’।

मां को यह अद्भूत सम्मान देकर मानुषी ने जजों को काफी प्रभावित किया। सच कहें तो मां का मान बढ़ाकर ही मानुषी ने विश्वसुंदरी का खिताब हासिल किया। मानुषी ने समारोह में मिस फोटोजेनिक का खिताब भी जीता। इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर मिस मेक्सिको एंड्रिया मेझा और तीसरे नंबर पर मिस इंग्लैंड स्टिफेनी हिल रहीं। मानुषी 67वीं मिस व‌र्ल्ड हैं। मानुषी वर्ष 2017 मिस इंडिया और मिस हरियाणा रह चुकी हैं। आपको बता दें कि मानुषी छिल्लर हरियाणा की रहने वाली हैं।  छिल्लर मिस हरियाणा भी रह चुकी हैं। अब उनका परिवार दिल्ली में रहता है।

इससे पहले वर्ष 1966 में रीता फारिया, 1994 में ऐश्वर्या राय, 1997 में डायना हेडन, 1999 में युक्ता मुखी और वर्ष 2000 में प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड रह चुकी हैं। मानुषी यह खिताब हासिल करने वाली छठी भारतीय हैं। वर्ष 2000 में लारा दत्ता और 1994 में सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स भी रह चुकी हैं।