कांग्रेस का हाथ थामेंगी बॉलीवुड की ये एक्ट्रेस, मुंबई से लड़ सकती हैं चुनाव

by Mahima Bhatnagar
urmila mathurkar

नई दिल्ली। चुनावी मौसम में नेताओं और अभिनेताओं का राजनीति दलों में शामिल होने का दौर जारी है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए मशहूर फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन करने का मन बना लिया है। इससे एक दिन पहले जया प्रदा ने बीजेपी और दक्षिण सिनेमा के मशहूर अभिनेता मोहन बाबू ने वाईएसआर कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था।

इसे भी पढ़ें: 2019 लोकसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की यूपी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट

मीडिया में पहले से ही यह खबर आ रही थी कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उर्मिला मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं।

अभिनेत्री उर्मिला आज दोपहर कांग्रेस में शामिल होंगी। मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम समेत महाराष्ट्र कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में हैं और आज पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद उर्मिला कांग्रेस में शामिल होंगी।

इसे भी पढ़ें: मनोज तिवारी के साथ सपना ने किया नाश्ता और अब करेंगी कांग्रेस ज्वाइन!

मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से फिल्म अभिनेता गोविंदा ने 2004 में पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाइक को पराजित किया था। नाइक फिलहाल इस समय उत्तर प्रदेश के राज्यपाल हैं। हालांकि राम नाइक को वर्ष 2009 में संजय निरूपम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में ‘मोदी लहर’ में गोपाल शेट्टी ने संजय निरूपम को पराजित कर दिया।

इसे भी पढ़ें: रातों-रात गोवा को मिला नया सीएम

पहले खबर आई थी कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम और राज्य कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने उर्मिला मातोंडकर के पारिवारिक सदस्यों से संपर्क किया, लेकिन इस बारे में किसी ने भी किसी तरह की टिप्पणी करने से मना कर दिया था। हालांकि बाद में राजनीतिक सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें भी आई कि उर्मिला के नाम पर पार्टी नेतृत्व काफी आगे बढ़ चुका है और जल्द ही इस बारे में अंतिम निर्णय की घोषणा कर दी जाएगी।

इसे भी पढ़ें: 2019 चुनाव: कांग्रेस की तरफ से जारी हुई उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट, अब तक इतने नाम तय

मुंबई के छह लोकसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है और और इसी दिन राज्य की 17 अन्य लोकसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे। अगर उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा।इस सीट को बीजेपी का गढ़ और शेट्टी को अपराजेय माना जाता है।