नालंदा में सड़क हादसे में जिंदा जल गये शिक्षक

by TrendingNews Desk
मुजफ्फरपुर

नालंदा: जिले में एक कार हादसा सभी लोगों के जुबान पर है। इलाके के लोगों के बीच हादसे की चर्चा हो रही है, लोग इस हादसे से जितना दुखी हैं उतना ही अचंभित भी। मामला खुदागंज थाना क्षेत्र का है। यहां वाहन हादसे में एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम अशोक कुमार बताया जा रहा है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार गया जिले के रहने वाले थे। रविवार को अशोक के बेटे का तिलक समारोह था। समारोह में अपने किसी रिश्तेदार को लाने के लिए अशोक अपनी वैगन आर कार से नालंदा जा रहे थे। तभी खुदागंज थाना क्षेत्र में अशोक की कार किसी अन्य वाहन से टकरा गई।

यह भी पढ़ें : अंधविश्वास में आकंठ डूबे एक पिता की घिनौनी करतूत…

इस दुर्घटना के बाद वैगनआर कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की आसपास के लोग भी कुछ नहीं कर सके। कार के दरवाजे लॉक हो गए और अशोक इस कार में जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि आसपास के लोग भी मदद को आगे नहीं आ सके। कार में लगी भीषण आग को देख लोग दंग रह गए। कार से बाहर नहीं निकल पाने के कारण अशोक की मौत हो गई।

इस हादसे के बाद मृतक अशोक कुमार के घर में मातम पसर गया। तिलकोत्सव की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों के चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।