….तो ये है मोदी के कैबिनेट विस्तार का बिहार कनेक्शन!

by TrendingNews Desk

नई दिल्ली: लगभग यह तय माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपने कैबिनेट में बड़ा फेरबदल कर सकते हैं। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक यह बदलाव रविवार तक किया जा सकता है। मंत्रिमंडल में फेरबदल का बिहार कनेक्शन भी देखने को मिल रहा है। सबसे पहले आपको बता दें कि फेरबदल से पूर्व कौशल विकास राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री उमा भारती, राधा मोहन सिंह, गिरिराज सिंह, कलराज मिश्रा, निर्मला सीतारमण, महेंद्र नाथ पांडे, फग्गन सिंह कुलस्ते और संजीव बालियान ने मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए अपने इस्तीफों की पेशकश की है।

मीडिया में आ रही जानकारी के मुताबिक इस फेरबदल के बाद जेडीयू कोटे से दो नेता केंद्रीय मंत्रमंडल में शामिल किये जा सकते हैं। जिन दो नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है उनमें आरसीपी सिंह और नीतीश कुमार के करीबी संतोष कुशवाह हैं। खबर है कि आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री जबकि कुशवाहा को केंद्रीय राज्य मंत्री का पदभार दिया जा सकता है।

दूसरे दावेदारों में वशिष्ठ नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर और कहकशां परवीन भी हैं। वशिष्ठ नारायण सिंह के स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को देखते हुए यह रास्ता उनके लिए आसान नहीं है। उधर रामनाथ ठाकुर की चर्चा जोरों पर हैं। बहरहाल मोदी मंत्रिमंडल में इन और आउट होने वाले नेताओं को लेकर कयास तो जोरों पर है, लेकिन पर्दा तो मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद ही उठेगा। आपको बता दें कि मई 2014 में मोदी के सत्ता में आने के बाद से केंद्रीय मंत्रिमंडल में तीसरी बार फेरबदल होने जा रहा है।