बेनामी संपत्ति, वंशवाद और सृजन पर नीतीश का बड़ा बयान

by TrendingNews Desk
बिहार सरकार

पटना:  सोमवार को लोकसंवाद के बाद मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर बेनामी संपत्ति और राजनीति में वंशवाद पर तंज कसा है।नीतीश ने इशारों-इशारों में धन के पीछे भागनेवालों पर हमला करते हुए कहा कि किसी  को कोई पद धन इकट्ठा करने के लिए नहीं मिलता है, बल्कि काम करने के लिए मिलता है।  गलत तरीके के साथ भ्रष्टाचार के माध्यम से जमा किया गया धन किसी के काम नहीं आता है। जो गलत करेगा, वो आज नहीं तो कल जरूर  पकड़ा जायेगा क्योकि किसी का पाप छुपता नहीं है।

नीतीश कुमार ने इस दौरान कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमारी पार्टी वंशवाद के खिलाफ है और वंशवाद की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से हुई है। उन्होंने कहा कि अगर इस पर रोक लगे, तभी दूसरे लोग भी पार्टी और संगठन के बड़े पद हासिल कर सकते हैं। गौरतलब हो कि, राहुल गांधी ने हाल में अमेरिका में यह बयान दिया था कि हमारे यहां राजनीति के अलावा हर क्षेत्र में वंशवादी हावी है, सिर्फ उसके लिए उन्हें निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

भागलपुर के चर्चित सृजन घोटाले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार सरकार CBI की भरपूर सहायता कर रही है। बिहार पुलिस ने सीबीआइ को सारे तथ्य उपलब्ध करा दिये हैं। जांच चल रही है, सरकार का जांच में कोई भी हस्तक्षेप नहीं है। जो सच्चाई होगी वह अपनेआप बाहर आ जायेगी। इसके लिए इंतजार करना होगा।