सादगी के साथ संपन्न हुई सुशील मोदी के बेटे की शादी

by TrendingNews Desk
सुशील कुमार मोदी

बिहार के उपमुख्यमंत्री व बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी के बेटे की शादी सादगी भरे माहौल में दिन के उजाले में संपन्न हुई। इस शादी समारोह में पटाखे नहीं छूटे और ना ही बैंड-बाजा बजा। अतिथियों को भोज भी नहीं दिया गया। उन्हें प्रसाद स्वरुप सिर्फ लड्डू दिया गया। समारोह में चाय व पानी की भी व्यवस्था थी।

सादगी भरे समारोह में सात फेरों के बाद उत्कर्ष और यामिनी एक दूजे के हो गए। दिन में विवाह समारोह होने से न तो बिजली उपकरण दिखे, न ही अन्य सजावट और फिजुलखर्ची समारोह में देखने को मिली। इस शादी समारोह में अथितियों से कोई भी उपहार नहीं लिया गया। समारोह में दहेज मुक्त विवाह और अंगदान के लिए स्टॉल लगे थे।

यह भी पढ़ें-सुशील मोदी के बेटे की शादी आज,जुटेंगे कई दिग्गज
इस अनोखी शादी में देश भर से कई दिग्गज जुटे। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, अनंत कुमार, धर्मेंद्र प्रधान, डॉ हर्षवर्धन, रामविलास पासवान, रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, गिरिराज सिंह, आरके सिंह, साध्वी निरंजना,रामकृपाल यादव, बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद अध्यक्ष लालू यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा और मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद शामिल हुए। इनके अलावे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र,जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, हारून रशीद, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह समेत अन्य कई लोग इस शादी समारोह के साक्षी बने। इनके अलावे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह व गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने फोन से वर-वधू को आशीर्वाद दिया।