मांगा दहेज तो दुल्हन ने खिलाई जेल की हवा!

by TrendingNews Desk

दहेज के खिलाफ अब बिहार की लड़कियों ने मोर्चा खोल दिया है। वे दहेज लोभियों के साथ शादी से इन्‍कार कर रही हैं। ताजा मामला पटना के दानापुर का है, जहां दूल्‍हन ने न केवल मंडप में शादी से इन्‍कार कर दिया, बल्कि पुलिस को फोन कर दूल्‍हे और उसके पिता को जेल की हवा भी खिला दी।

जानकारी के अनुसार गया के कांटी से बारात दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के ढिबरा गांव आयी थी। बारात पहुंचने के बाद जयमाला की रस्‍म हुई, फिर दूल्‍हा शादी के लिए मंडप में पहुंचा। शादी की रस्‍मों के बीच जब दुल्हन के गले में मंगलसूत्र पहनाने की बारी आयी तो दूल्हा पक्ष दहेज मांगने लगा।
दहेज की मांग को लेकर मंडप में ही दोनों पक्ष उलझ पड़े। यह देखकर दुल्हन रोने लगी। उसने शादी से इन्‍कार कर दिया। परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद उसने शाहपुर पुलिस को फोन कर दूल्हे और उसके पिता को गिरफ्तार करा दिया।
बहरहाल, पिता को बेटी के फैसले पर गर्व है, लेकिन उन्‍हें समाज की चिंता खाए जा रही है। उधर, बेटी ने कहा कि उसने सोच-समझ कर यह फैसला लिया है। उसने कहा कि वह पिता को मजबूर बनता नहीं देख सकती। उसने पढ़-लिखकर कुछ बनने और दहेज लोभियों को सबक सिखाने का फैसला लिया है।