सुशील मोदी के बेटे की शादी आज,जुटेंगे कई दिग्गज

by TrendingNews Desk
सुशील कुमार मोदी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के बेटे की शादी बेहद ही सादगी के साथ आज पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में होगी। उत्कर्ष मोदी और यामिनी की शादी बिना दहेज,नाच-गाने व भोज के दिन के उजाले में होगी। इस अनोखी शादी की देशभर से जुट रहे कई गणमान्य लोग साक्षी बनेंगे। इन लोगों में बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, गोवा की राज्यपाल श्रीमती मृदुला सिन्हा और मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद पहुँच रहे हैं। इनके अलावे केंद्रीय मंत्रियों में वित्तमंत्री अरुण जेटली, उपभोक्ता व सार्वजनिक वितरण मंत्री राम विलास पासवान, कानून व आइटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश नड्डा, रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनन्त कुमार, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, साइंस एंड टेक्नोलॉजी मंत्री हर्ष वर्धन, वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, सूक्ष्म लघु व मध्यम उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह, खाद्य व प्रसंस्करण राज्यमंत्री श्रीमती साध्वी निरंजना ज्योति, मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राम कृपाल यादव होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमण सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी विवाह समारोह में उपस्थित रहेंगे।

यह भी पढ़ें-सुशील मोदी का तंज, ‘खत्म हो गया लालटेन युग’
इस दहेज रहित शादी में ई-कार्ड से निमंत्रण भेजा गया है। अतिथियों को किसी भी तरह का गिफ्ट लाने से मना किया गया है। आमंत्रित अतिथि स्वेक्षा से अंगदान-देहदान के लिए सामाजिक संस्था ‘दधीचि देहदान समिति’ को सहयोग कर सकते हैं। आमंत्रितों को 4-4 लड्डू प्रसाद स्वरूप तथा पाणिग्रहण संस्कार की पुस्तिका भेंट स्वरूप दी जाएगी। शादी का समय अपराह्न 3 से 5 बजे के बीच रखा गया है।