बक्सर में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत, इलाके में कोहराम

by TrendingNews Desk

बक्सर: चौसा प्रखंड के सोनपा गांव में कुएं से जहरीली गैस निकलने से तीन लोगों की मौत हो गयी। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हालात से निपटने के लिए  डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने मेडिकल टीम और वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर भेज दिया है।

छह घंटे की मशक्कत के बाद तीनों शवों को निकाला गया। शव निकाले जाने के पहले पाइप से कुएं में ऑक्सीजन डाला गया। इसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।  इस दौरान भारी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गयी थी। भीड़ को काबू में करने के लिए लोगों से अपील की जा रही थी।

शव निकाले जाने के बाद एनडीआरएफ की टीम भी मौकाए वारदात पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक चौसा प्रखंड के सोनपा गांव निवासी कामेश्वर कुशवाहा कुएं पर मशीन लगाकर खेतों की पटवन कर रहे थे। मशीन से पानी नहीं आने के बाद नलकूप को ठीक करने के लिए उनका बेटा मोहन लाल जैसे हीं कुएं में उतरा कि मीथेन गैस के रिसाव के कारण बेहोश हो गया।

इसके बाद उसके पिता कामेश्वर कुशवाहा कुएं में उतरकर बेटे को किसी तरह बाहर निकाले, लेकिन जहरीली गैस का रिसाव होने से वह कुएं में बेहोश होने लगे। उनको निकालने के लिए जंग बहादुर सिंह और भरत राम कुएं के अंदर चले गये।

जहां जहरीली गैस से दम घुटने से कामेश्वर सिंह, जंग बहादुर सिंह और भरत राम की मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया है। एसडीओ ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख मुआवजा देने की बात कही है।