दिल्ली में सामने आया लड़की की पिटाई का मामला

by Mahima Bhatnagar

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक युवती की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक एक लड़की की बेरहमी से पिटाई करते हुए दिख रहा है वह भी पश्चिमी दिल्ली के तिलकनगर थाने में। सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने लड़की की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस थाने का मामला होने से इनकार कर रही है।

इसे भी पढ़ें: आज है हिंदी दिवस, जानें कैसे हुई इसकी शुरूआत

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, युवक रोहित बेरहमी से लड़की की पिटाई कर रहा है और दशहत में लड़की इसका विरोध नहीं कर पा रही। इस पूरी घटना के दौरान एक लड़का वीडियो बना रहा है। हालांकि, पीछे से आवाजें भी आ रही हैं कि रहने दो-छोड़ दो। बावजूद इसके आरोपी रोहित उस लड़की को गालियां देने के साथ पीट भी रहा है। बताया जा रहा है कि रोहित के पिता दिल्ली पुलिस में हैं और पिता-पुत्र दिल्ली के रामनगर में रहते हैं।

इसे भी पढ़ें: दहेज प्रताड़ना पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, पति की हो सकती है तुरंत गिरफ्तारी

यह है मामला

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को एक अन्य लड़की ने शिकायत दी है, जो पीड़िता के साथ उसी के दफ्तर में काम करती है। पीड़ित लड़की की इस जानकार लड़की ने शिकायत दी है कि उससे रोहित की शादी होने वाली थी। किन्हीं कारणों से लड़की ने अब रोहित से अपनी शादी तोड़ दी है। शिकायत देने वाली लड़की का कहना है कि आरोपी रोहित वीडियो में जिस लड़की की पिटाई कर रहा है वह उसके साथ दफ्तर में काम करती है और दोनों एक-दूसरे को जानते भी हैं।

हैरानी की बात है कि पीड़ित लड़की अभी तक इस मामले में सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक युवक एक लड़की की बेरहमी से पिटाई करते हुए दिख रहा था।