CM नीतीश ने कहा, गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी

by TrendingNews Desk
नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया है। सीएम ने कहा है कि गांधी जी की बातें आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचारों में ही समस्याओँ का समाधान है। चंपारण सत्याग्रह के 100 साल पूरे होने पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को सब मानते हैं लेकिन गांधीजी के विचारों को अपनाने का नजरिया सबके पास नहीं है।

आपको बता दें कि चंपारण सत्याग्रह के 100 साल पूरे होने पर राज्य में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। खास बात यह भी है कि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि जल्द ही राज्य के स्कूलों में गांधीजी की 50 कहानियों के संकलन को पढ़ाए जाने की दिशा में राज्य सरकार प्रय़ास कर रही है।सीएम ने राज्य में सामाजिक क्षेत्र में परिवर्तन पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में वैसे तो कई आंदोलन और बदलाव हुए हैं लेकिन अब जरुरत सामाजिक बदलाव की है।

सीएम ने कहा कि  हम बापू के विचारों को लेकर घर-घर दस्तक देंगे। गांधीजी के जीवन एवं उनके विचारों पर फिल्मों को प्रदर्शित किया जा रहा है। साथ ही गांधीरथ के माध्यम से प्रत्येक गांव तक गांधीजी पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन कराया जा रहा है।

इस खास मौके पर महात्मा गांधी के परपोते और लेखक तुषार गांधी भी वहां मौजूद थे। तुषार गांधी ने कहा कि गांधी मार्ग बहुत मुश्किल है, इसीलिए ज्यादातर लोग आज गांधी की भक्ति कर रहे हैं, क्योंकि वह आसान है।