राहुल गांधी की ताजपोशी की तैयारी, जल्द हो सकता है ऐलान

by TrendingNews Desk

देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में नए अध्यक्ष का जल्द ही चयन कर लिया जाएगा। हालांकि चयन प्रक्रिया महज औपचारिकता ही मानी जा रही है और राहुल गांधी का निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष चुनाव जाना तय है। कांग्रेस में लंबे समय से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग उठती रही है। ऐसे में अब इस बात की पूरी संभावना है कि गुजरात चुनाव से पहले राहुल गांधी की ताजपोशी हो जाएगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में इस बात पर मुहर लग जाएगी। यहां आपको बता दें कि वर्किंग कमेटी बैठक की शुरुआत हो चुकी है और कमेटी के सदस्य ही पार्टी अध्यक्ष पद के लिए वोट डालते हैं।

यह भी पढें – लालू का भाषण अवसाद में बड़बड़ाते मनोरोगी जैसा : मोदी

इसके अलावा ताजा सांगठनिक चुनावों के बाद नई चुनी गई प्रदेश कमिटियां राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास कर चुकी हैं। कांग्रेस को इस साल के अंत तक सांगठनिक चुनाव पूरा करना है। नए अध्यक्ष के चुने जाने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अधिवेशन में इस पर मुहर लगेगी और नई कांग्रेस वर्किंग कमिटी चुनी जाएगी। कांग्रेस वर्किंग कमिटी पार्टी में फैसले लेने वाली सर्वोच्च इकाई है।

 

फिलहाल 1998 से सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। 47 साल के राहुल गांधी 2004 से संसद में उत्तरप्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जिस तरह गुजरात चुनाव के पहले राहुल की ताजपोशी होने वाली है ऐसे में गुजरात चुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम हो जाता है।

वैसे देखा जाए तो कांग्रेस के लिए राहुल गांधी को पार्टी अधयक्ष चुनने के लिए यह समय बेहद मुफीद है।गुजरात यानी भाजपा के गढ़ में इसी साल चुनाव होने हैं। राहुल गांधी इस चुनाव को लेकर बेहद सक्रिय हैं। राहुल गांधी ने भाजपा को उसके गढ़ में मात देने के लिए अपनी ताकत झोंक दी है और ऐसा अरसे बाद हुआ है कि बीजेपी को उसके गढ़ में कांग्रेस से इतनी कड़ी टक्कर मिल रही है।

राहुल गांधी इस वक्त गुजरात चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और ताबड़तोड़ रैलियां कर जनता के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए जी-तो़ड़ मेहनत कर रहे हैं, ऐसे में अगर इस वक्त पार्टी की कमान उन्हें सौंपी जाती है तो निश्चित तौर पर पार्टी का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।