फोर्ब्स की सूची में छाईं दीपिका और प्रियंका

by TrendingNews Desk
फोर्ब्स सूची

प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स ने 2017 की सबसे अधिक कमाई करने वाले शीर्ष 10 बॉलीवुड सेलिब्रिटी की सूची में केवल दो अभिनेत्रियां दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा ही जगह बना सकी हैं। सूची में पहले स्थान पर किंग खान यानी शाहरुख खान हैं। दीपिका 1.10 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ छठे स्थान पर हैं जबकि प्रियंका चोपड़ा और रणवीर सिंह 1 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर बने हैं।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख ने अपने साथी अभिनेताओं सलमान खान, अक्षय कुमार और आमिर खान को पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख ने विज्ञापनों की मदद से 1 जून, 2016 और 1 जून, 2017 के बीच 3.8 करोड़ डॉलर की कमाई की है।
सलमान खान इस सूची में 3.7 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सलमान ने विज्ञापनों के साथ-साथ फिल्म ‘सुल्तान’ की सफलता से यह स्थान पाया है। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार 3.55 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कई फिल्में हिट रही हैं, जिनमें ‘जॉली एलएलबी 2’, ‘नाम शबाना’ और ‘टॉइलेट एक प्रेम कथा’ शामिल है। फिल्म ‘दंगल’ की बड़ी सफलता के साथ आमिर 1.25 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ सूची में चौथे स्थान पर हैं। अभिनेता रितिक रोशन 1.15 करोड़ डॉलर कमाई के साथ शीर्ष पांच में शामिल हैं।

फोर्ब्स की सूची के अनुसार, महानायक अमिताभ बच्चन 90 लाख डॉलर और रणबीर कपूर 85 लाख डॉलर की कमाई के साथ नौवें और 10वें स्थान पर हैं।
गौरतलब है कि जिन दो अभिनेत्रियां दीपिका और प्रियंका ने इस सूची में स्थान पाया है, उन्होंने हॉलीवुड में भी काम करना शुरू कर दिया है।।