फिर विवादों में विधायक सरोज यादव!

by TrendingNews Desk

लगता है बड़हरा से राजद विधायक सरोज यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है| सरोज यादव कभी थाना प्रभारी से उलझ जाते हैं तो कभी अपनी ही सरकार के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठ जाते हैं| ताजा विवाद भी थाने से ही जुड़ा है जहां विधायकजी ने फोन पर ही थाना प्रभारी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया| इस बार वो कृष्णगढ़ के थाना प्रभारी से उलझ गए| पुलिस का आरोप है कि विधायक ने थानाध्यक्ष को न सिर्फ अपने रिश्तेदार की जमीन के लिए गालियां दी बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया| साथ ही वर्दी उतरवा लेने की धमकी भी दी| जानकारी के मुताबिक इसके बाद पुलिस के आलाधिकारियों के निर्देश पर सरोज यादव के खिलाफ स्टेशन डायरी की गई है|
दरअसल इससे पहले भी बड़हरा विधायक सरोज यादव पर चरपोखरी के थानाध्यक्ष के अलावा एक दारोगा के साथ विवाद का आरोप लगा है|
क्या है मामला
मामला घांघर गांव के 23 डिसमिल जमीन से जुड़ा हुआ है| सूत्रों के अनुसार बड़हरा के विधायक सरोज यादव उनके रिश्तेदार और दूसरी पार्टी के बीच 23 डिसमिल जमीन यानी सात कठ्ठा को लेकर विवाद चल रहा है| इसी दौरान दोनों ही पक्ष नापी करने के लिए इकट्ठा थे इसी बीच पुलिस वालों का कहना है कि बड़हरा विधायक ने अपने नंबर से फोन किया और थानाध्यक्ष की वर्दी उतरवा लेने की धमकी दी|
वहीं विधायक ने अपने उपर लगे आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि जमीन की नापी सीओ के देखरेख में होती है ना कि थानेदार की देखरेख में| विधायक ने उल्टे थानेदार पर ही अशिष्टता का आरोप लगाया और कहा कि इस मामले को वो विधानसभा में उठाएंगे|