मिस्र में आतंकी हमला, 200 लोगों की मौत, कई घायल

by TrendingNews Desk
आतंकवादी

बड़ी खबर आ रही है। मिस्र में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने और करीब 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। एएफपी न्यूज एजेंसी के हवाले से यह खबर आई है।

घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हमले में मृतकों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है। आतंकवादियों ने यह हमला अल आरिश में रॉवडा मस्जिद के समीप किया है। मिस्र के उत्तरी सिनाई में यह आतंकी हमला हुआ है। उत्तरी सिनाई पिछले कई दिनों से अशांत क्षेत्र बना हुआ है। इस हमले को लेकर जो जानकारी मिल पा रही है उसके मुताबिक शुक्रवार को जुमे की नमाज के वक्त मस्जिद में काफी भीड़ थी। आतंकियों ने इसी भीड़ में बम विस्फोट किया। इतना ही नहीं जो लोग इस हमले में बच गए और अफरातफरी के बीच सुरक्षित स्थानों पर जाने की कोशिश में थें, उन्होंने आतंकियों ने गोलियों से भून दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर चार वाहनों में सवार थे। हमले के बाद 50 से ज्यादा एंबुलेंस को मौके पर भेज कर लोगों की सहायता की जा रही है।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मिस्र में तीन दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। यहां आपको बता दें कि मिस्र के उत्तरी सिनाई में जनवरी 2011 से ही कई हिंसक हमले हुए हैं। 2011 में हुई एक क्रांति से राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक की सत्ता भी चली गई थी। साल 2013 में मोहम्मद मुर्सी को राष्ट्रपति पद से अपदस्थ किए जाने के बाद उत्तरी सिनाई में हमलावरों ने पुलिस और सेना को निशाना बनाया है।  इसके बाद से 700 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। यहां आपको बता दें कि मिस्र पर इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं लिया है।