आरा-छपरा और दीघा-सोनपुर पुल जनता को समर्पित

by TrendingNews Desk

दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार को जोड़ने वाले दो पुलों को आज सूबे की जनता को समर्पित कर दिया गया| इसका उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार,डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और अपना 70वां जन्मदिन मना रहे लालू प्रसाद की उपस्थिति में हुआ| रविवार को 35 वर्ष बाद पुल के क्षेत्र में बिहार ने एक नया इतिहास रच दिया है| बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के 42वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आज रविवार को दीघा-सोनपुर सड़क पुल और आरा-छपरा पुल का उद्घाटन किया| सरकार ने दीघा-सोनपुर सड़क पुल का नाम लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेतु और आरा-छपरा पुल का नाम वीरकुंवर सिंह सेतु के रूप में अधिसूचित किया है| इस मौके पर राजद सुप्रीमो लालू यादव, वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी के साथ कई अन्य मंत्री भी मौजूद थे|
पुल उद्घाटन के बाद डिप्टी सीएम व सड़क परिवहन मंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार लगातार सभी क्षेत्रों में विकास कर रही है| दोनों पुलों के उद्घाटन से राज्य व देशवासियों को फायदा मिलेगा| कुछ लोग नकारात्मक राजनीति कर विनाश में लगे रहते है और कुछ लोग विकास की राजनीति करते है| तेजस्वी ने अपने पिता व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद 70 वे जन्मदिन की बधाई भी दी|
राजद सुप्रीमो ने इस मौके पर कहा कि नीतीश का देखा हुआ सपना आज साकार हो गया है| उन्होंने कहा कि आज मेरा जन्मदिन भी है मैं बहुत खुश हूँ| विरोधी हमेश पूछते हैं कि नीतीश के साथ संबंध ठीक हैं न| मैं कितना सफाई देता रहूँ| महागठबंधन एकजुट है| और विकास का कार्य कर रही है| हमें किसी चीज का लालच नहीं हैं| हम वादा निभा रहे हैं|

वहीं इस मुद्दे पर सूबे के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि आज की तारीख में अगर पुल का उद्घाटन हुआ तो कोई गलत काम नहीं हुआ है बीजेपी पर निशाना साधते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष सिर्फ नकारात्मक राजनीति करता है|