पुणे हिंसा: महाराष्ट्र बंद आज,रेल यातायात ठप

by TrendingNews Desk
पुणे हिंसा

एक जनवरी को पुणे के भीमा कोरेगांव में दलित समाज के शौर्य दिवस पर भड़की हिंसा के विरोध में दलित संगठनों ने आज महाराष्ट्र बंद का एलान किया है। प्रदर्शनकारियों ने महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोक दी है। कोरेगांव हिंसा को देखते हुए ठाणे में अब 4 जनवरी तक धारा 144 लगा दी गई है। इसके चलते आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पुणे हिंसा

खबरों के मुताबिक महाराष्ट्र बंद होने से राज्य की 40 हजार बसें नहीं चलेंगी और पुणे हाईवे भी बंद रहेगा। इस संबंध में बी आर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर ने हिंसा रोकने में सरकार की विफलता के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए आज महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। 63 साल के प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि 250 से अधिक दलित संगठनों का इस बंद को समर्थन है। बंद को देखते हुए सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र में कई जगह हिंसा हुई। मुंबई में जगह-जगह रास्ता रोका गया, ट्रेनें रोकने की कोशिश की गई। जिसकी वजह से बड़ी तादाद में लोग पूर्वी एक्सप्रेस हाइवे पर जाम में भी फंस गए। आगजनी और पत्थरबाज़ी की भी घटनाएं हुईं। पुणे में दो गुटों में हुई टकराव में एक शख़्स की मौत हो गई थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि कोरेगांव हिंसा की न्यायिक जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी देंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में ट्वीट कर बीजेपी और आरएसएस पर फासिस्ट सोच होने का आरोप लगाया है।