अंधविश्वास में आकंठ डूबे एक पिता की घिनौनी करतूत…

by TrendingNews Desk
बिहार

समस्तीपुर : यह खबर जानकर तो आप भी एक बार चौंक जाएंगे…!!! यह सच है कि आज हमारे वैज्ञानिक चांद पर घर बनाने की तकनीक विकसित करने की सोच रखते हैं। पूरी दुनिया में हर रोज तरक्की के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। लेकिन आखिर क्या वजह है कि आज भी समाज से अंधविश्वास खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है…? बिहार में अंधविश्वास से जुड़ी कई खबरें सामने आती रहती हैं। एक और ऐसी ही खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप दहल जाएंगे।

पढ़ें –बिहार में राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्लेयर समेत चार युवकों की हत्या

विभूतिपुर थाना के सुरौली गांव में एक पिता पर अपने ही बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर बात यह भी है कि उसने ऐसा सिर्फ झाड़फुंक के चक्कर में किया। बताया जा रहा है कि बोरिया गांव के रहने वाले भोला महतो झाड़फूंक और तांत्रिक विद्या सीखना चाहता था। इस शख्स की महिला रिश्तेदार ने उसे तांत्रिक विद्या में महारत हासिल करने के लिए अपने बेटे का कत्ल करने को कहा। फिर क्या था, अंधविश्वास में आकंठ डूबे भोला महतो ने अपने 18 साल के बेटे साजन कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी।

इस वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने मामले में  आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि आरोपी महिला अभी भी फरार है। इधर अपने बेटे की मौत से आहत मां की हालत भी खराब हो गई है। मृतक की मां बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी पिता की गिरफ्तारी के बाद फरार महिला की गिरफ्तार को लेकर दबिश बनाई जा रही है।

जाहिर है इस मामले ने समाज में व्याप्त अंधविश्वास को उजागर किया है। इसी अंधविश्वास ने आज एक पिता को हत्यारा पिता बना दिया। जरुरत अंधविश्वास जैसे श्राप को खत्म करने के लिए जागरुकता और शिक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार की है।