समय पर पहुंचेगा मानसून!

by TrendingNews Desk

राज्य में सही समय पर मानसून के पहुंचने की संभावना है| रविवार को मानसून सही समय पर निकोबार पहुंच गया इससे ये उम्मीद की जाती है कि बिहार में भी मानसून 10 से 15 जून तक पहुंच जाएगा| इससे पहले दक्षिणी-पूर्वी उत्तरप्रदेश से असम तक बने टर्फ लाइन के कारण बिहार में बारिश की संभावना बनी रहेगी| इधर रविवार को पछुआ हवा दक्षिण बिहार में सक्रिय हो गई जिसके चलते गया का तापमान दो डिग्री से अधिक बढ़ा और 42.9 डिग्री तक पहुंच गया| एक-दो दिनों में पछुआ पवन के पटना और आसपास के जिलों में भी सक्रिय हो जाने की संभावना है| इससे  पटना के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है| मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज पटना में धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी होने के आसार हैं| साथ ही उत्तर बिहार में बारिश के आसार हैं| जबकि गुरुवार को पूरे बिहार में बादल छाने के आसार रहेंगे और बारिश भी हो सकती है|